धर्म/अघ्यात्म

जयंती विशेष : भगवान परशुराम का जीवन-चरित्र

भारतीय इतिहास में समय-समय पर विभिन्न युगों में अनेकों क्रांतियां हुई हैं। जिनका नेतृत्व स्वयं ईश्वर ने अपनी विशिष्ट विभूतियों (अवतारों) के रूप में किया है। इस आलेख में ऐसी एक भगवदंशभगवान परशुराम की ऐतिहासिक चर्चा की जा रही है, जो कि वर्तमान काल में अति प्रासंगिक एवं प्रेरणास्पद है।

सतयुग के आरम्भ में द्विजातियों में श्रेष्ठ जाति ब्राह्मणों की मानी जाती थी। नित्य यज्ञ-यागादिकर्म करना-कराना, षडङ्गवेदाध्ययन करना-कराना, दान लेना-देना यही इनके मुख्य कर्म थे। इसमें श्रुति स्वयं ही प्रमाण है – ‘विद्या ह वै ब्राह्मणमाजगाम गोपाय मा शेवधिष्टेऽहमस्मि।’ अतः ‘ब्राह्मणाय निष्कारणो हिषडङ्गो वेदोऽध्येतव्यः’ की परम्परा ने ब्राह्मणों को अमित-अगणित-अमोघ तेजस्विता के कारण ‘भूसुर’ की संज्ञा से विभूषित किया था। इन भूसुरों के अमोघ ब्रह्मतेज के सामने परमशक्तिशाली सम्राट् तो क्या देवेन्द्र तक की समस्त शक्तियां कुण्ठित हो जाती थीं। उनकी अमित तेजस्विता, ज्ञान-विज्ञान के बल के सामने वायु जैसी सर्वव्यापिनी और सूक्ष्म शक्ति, जल जैसा सर्वव्यापी सरल तत्त्व, विद्युत् जैसा चंचल और सर्वसंहारक तेज, सभी अवनत एवं आज्ञानुवर्ती थे।

भगवान परशुराम के अवतरण का कारण

काल सबको सर्वदा एक सी अवस्था में नहीं रखता है। कहा है- ‘कालः क्रमेण जगतः परिवर्तनमानः।‘ उत्थान के बाद पतन तथा पतन के बाद उत्थान, संसार के सभी पार्थिव पदार्थों की यही गति है।’ सतयुग के आरम्भ एवं मध्य में जिस ब्रह्मण्य धर्म का अमित तेजोमय भास्कर नभोमण्डित था, कर्त्तव्य एवं दायित्व में शिथिलता के कारण वह युग के समाप्त होते-होते अस्तङ्गमित होने लगा। परलोक-प्राप्ति या मोक्ष-प्राप्ति की आशा में तल्लीन, समाज से विरत उदासीन ब्राह्मणों की सांसारिक दायित्वों (अर्थात शास्त्रोचित कर्त्तव्याकर्त्तव्य-व्यवस्था का उपदेश, मन्त्रणा इत्यादि) के प्रति विमुखता से ऐश्वर्य सम्पन्नक्षत्रियों के मन में सर्वश्रेष्ठ बनने की कुहेलिका कामना बलवती हो गई। सद्बुद्धि, शान्ति, आत्मबल इत्यादि को तुच्छ समझने वाले राजाओं को देव-पूजा एवं ब्राह्मण-पूजा आदि से अश्रद्धा हो गई। फलतः दत्तात्रेय के वर-प्रभाव से अजेय बल सम्पन्न एवं अप्रतिम ऐश्वर्यशाली हैहय राजवंश-कुलोत्पन्न माहिष्मतीपुरी के महाराज कार्त्तवीर्य अर्जुन के नेतृत्त्व में पथभ्रष्ट क्षत्रियों ने ब्राह्मणों का न सिर्फ अपमान किया प्रत्युत उन पर भीषण अत्याचार किए। पददलित-दीन ब्राह्मणों एवं अपमानित देवगणों द्वारा कार्त्तवीर्य के मान-भंजन पर विचारार्थ अमरावती नगरी में प्रजापति ब्रह्मा की अध्यक्षता में षाण्मासिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में हुई मंत्रणा के आधार पर सभी ने दुर्दान्त राजाओं के पाप-भार से दुःखी वसुन्धरा को भगवान विष्णु के समीप गोलोक धाम भेजा। भगवान विष्णु ने वसुंधरा की करुण प्रार्थना को सुनकर उसे सांत्वना देते हुए कहा कि – ‘‘मैं शीघ्र ही तुम्हारा एवं देव-द्विजगणों का अभीष्ट साधन करूंगा। महर्षि ऋचीक की घोर तपस्या से प्रसन्न होकर मैं उन्हें एक वर दे चुका हूं जिसकी पूर्ति हेतु मेरी एक विभूति ‘परशुराम’ इस नाम से उनके पुत्र जमदग्नि के घर में जन्म लेगी। उसके जीवन का व्रत अन्याय व अत्याचारों का समूल नाश कर ब्रह्मण्य-सनातन धर्म की पुनः प्रतिष्ठा करना होगा। अतः तुम प्रसन्न होकर जाओ एवं दीनों, ब्राह्मणों व देवगणों को आश्वस्त कर दो।’’

भगवान परशुराम का अवतरण

उक्त घटना के प्रायः बारह वर्ष बाद, भगवान विष्णु ने सरस्वती आश्रम में महर्षि ऋचीक के पुत्र महर्षि जमदग्नि के घर, सर्वगुण-सम्पन्न सूर्यप्रभा प्रदीपित, परशु चिह्नयुक्त परशुराम रूप में सनातन-धर्म की पुनः प्रतिष्ठापनार्थ माता रेणुका के गर्भ से अवतार लिया। स्कन्द एवं भविष्यपुराण के अनुसार भगवान परशुराम का जन्म वैशाख मास के शुक्लपक्ष की तृतीया तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र में रात्रि के प्रथम प्रहर (प्रायः प्रदोष काल) में हुआ। उस समय 6 ग्रह उच्च के थे। जयदेव कहते हैं –

क्षत्रियरुधिरमये जगदपगतपापं स्नपयसि पयसि शमितभवतापम्।

केशव धृतभृगुपतिरूपम्। जय जगदीश हरे।। (गीतगोविन्द)

भगवान विष्णु ने परशुराम अंश के रूप में उस भृगु कुल में अवतार लिया जिस भृगु के पाद-प्रहार को अपने वक्षःस्थल पर सहा। इसी भृगुवंश में उत्पन्न होने के कारण वे ‘भार्गव’ कहलाए। इनके चार भाई विश्वावसु, वसु, सुषेण एवं रूमोद्वान् इनसे क्रमशः आयु में बड़े थे। कालान्तर में युवा परशुराम को साक्षात् भगवान शिव से धनुर्विद्या के साथ-साथ अष्टधातु-निर्मित भीषण, अमोघ एवं सर्वजयी परशु प्राप्त हुआ।

पितृ-मातृभक्त परशुराम

एक बार पितृभक्त परशुराम जी ने अपने पिता जमदग्नि से आज्ञा पाकर बिना एक क्षण गंवाए अपनी माता रेणुका का मस्तक धड़ से अलग कर डाला। अपने पुत्र की पितृ-भक्ति से प्रसन्न जमदग्नि ने मातृ-शोक से सन्तप्त परशुराम की विनती पर पुनः उनकी माता को जीवित कर दिया।

कार्त्तवीर्य का वध एवं दुष्ट राजाओं का संहार

सोलह दिन व्यापी निर्जल उपवास के बाद द्वादशी के व्रत की पारणा की शांति के लिए महर्षि जमदग्नि अतिथि-सत्कार में तत्पर हुए। अतिथि के रूप में आश्रम में ससैन्य उपस्थित महाराज कार्तवीर्य अर्जुन का दो दिनों तक अपने तपोबल से प्राप्त ‘नन्दा’ नामक कामधेनु की सहायता व योगबल के द्वारा अनेकों दुर्लभ, रमणीय वस्तुओं व सुस्वादु भोजन से महर्षि ने यथोचित सत्कार किया। दो दिन पश्चात गमन-काल में अनुकूल अवसर देखकर महाराज कार्तवीर्य अर्जुन उनके सामने उपस्थित हुए तथा महर्षि जमदग्नि के आश्रम में स्थित ‘नन्दा’ नामक कामधेनु को लेने की प्रार्थना की। किंतु महर्षि द्वारा विनम्रतापूर्वक मना करने पर, राजा ने सक्रोध उन्हें अपमानित करके मृत्यु दण्ड तक देने का निश्चय किया। फलतः अर्जुन के पुत्रों ने महर्षि जमदग्नि का वध कर दिया। इस अमानुषिक दुष्कृत्य ने परशुराम को विह्वल कर दिया। परशुराम की क्रोध रूपी दावाग्नि ने उनको आततायी राजाओं के संहारक साक्षात यमराज के रूप में परिणत कर दिया। उन्होंने सम्पूर्ण भारतवर्ष के अन्यायी एवं पथभ्रष्ट राजाओं का समूलनाश करके सनातन धर्म प्रतिष्ठित करने का प्रण कर लिया।

धर्म की स्थापना हेतु परशुराम का चतुर्दिक विजय अभियान

परशुराम ने भारत के दक्षिण प्रांत से अपना अभियान प्रारम्भ किया तथा सर्वप्रथम श्वेतद्वीप के राजा श्वेतकेतु को परास्त कर वहां सनातन-धर्म की स्थापना की। तत्पश्चात दक्षिणेश्वर महाराज वृषकेतु को परास्त करने के बाद 12 दिन के युद्ध के अनन्तर पश्चिम की ओर पारण प्रदेश पर भी विजय हासिल की। दक्षिण के अवशिष्ट राज्यों ने भयवशात वैदिक-धर्म की पुनः प्रतिष्ठा स्वीकार कर ली। पारण से आगे राजा जीमूतवाहन के प्रणवप्रस्थ नामक नगर पर अधिपत्य स्थापित किया। इसके बाद परशुराम ने भारत के पूर्वराज्यों बङ्ग, उपबङ्ग, कलिङ्ग और स्वमन्त्र में आततायी राजाओं का नाश करके सनातन धर्म प्रतिष्ठापित किया।

निःक्षत्रियामकृतगां च त्रिसप्तकृत्वो रामस्तु हैहयकुलोऽप्ययभार्गवाग्निः।। (भागवत, 11/4/21)

इस प्रकार सम्पूर्ण भारतवर्ष में सनातन धर्म की पुनः स्थापना के उपरान्त भगवान परशुराम महर्षि कश्यप को धरती देकर (संरक्षक नियुक्त कर) स्वयं महेन्द्र पर्वत पर रहने लगे।

Ravindra Nath Tiwari

तीन दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय। 17 साल हिंदुस्तान अखबार के साथ पत्रकारिता के बाद अब 'भारत वार्ता' में प्रधान संपादक।

Recent Posts

सीएम नीतीश के समृद्ध यात्रा के दौरान विस्फोट, एक की मौत

Bharat varta Desk सिवान जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के बीच एक… Read More

3 days ago

आईएएस संजीव दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर

Bharat varta Desk आईएएस संजीव खिरवार (IAS Sanjeev Khirwar) को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का… Read More

4 days ago

नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

Bharat varta Desk नितिन नबीन को आज आधिकारिक रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन… Read More

5 days ago

कर्नाटक के डीजी सस्पेंड

Bharat varta Desk कर्नाटक के डीजीपी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव को सस्पेंड कर… Read More

5 days ago

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदा में नई ट्रेनों को झंडी दिखलाई

Bharat varta Desk प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के मालदा रेलवे स्टेशन से… Read More

1 week ago

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 20 को

Bharat varta Desk भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तारीख… Read More

1 week ago